best news portal development company in india

होली, रमजान को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा!

SHARE:

फ्लैग मार्च में डीआईजी व एसएसपी ने लोगों को किया जागरूक कहा “सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने से बचें”…..

आजमगढ़, 01 मार्च 2026। आगामी होली पर्व एवं पवित्र रमजान माह को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। आजमगढ़ में पुलिस उप-महानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस व पीएसी बल के साथ नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से प्रारंभ होकर महिला अस्पताल, बेस्ली, चौक, चकिया, पहाड़पुर सहित अन्य घनी आबादी और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त करने और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

फ्लैग मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, महिला पुलिस बल, थाना कोतवाली पुलिस एवं पीएसी के जवान मौजूद रहे,

इस अवसर पर अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर होली व रमजान के दौरान आपसी भाईचारा और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया गया कि सार्वजनिक स्थलों पर हुड़दंग, जबरन रंग लगाने या शांति भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मस्जिदों व अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग शासनादेश के अनुरूप करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जनपद पुलिस ने आमजन से दोनों पावन अवसरों को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment