best news portal development company in india

जम्मू में फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग, सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा!

SHARE:

20 वर्षों से फारूक अब्दुल्ला की हत्या के लिए प्रयास कर रहा था आरोपी…….

जम्मू। फ़ारूक़ अब्दुल्लाह पर बुधवार देर रात एक व्यक्ति ने फायरिंग कर दी, हालांकि सुरक्षाकर्मियों की तत्परता के कारण वह बाल-बाल बच गए और गोली उन्हें नहीं लगी। घटना उस समय हुई जब वे जम्मू में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।

अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी मौजूद थे। इसी दौरान करीब 70 वर्षीय व्यक्ति कमल सिंह जामवाल पीछे से आया और फारूक अब्दुल्ला के सिर पर रिवॉल्वर तान दी। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हमलावर का हाथ हटा दिया, जिससे गोली हवा में चल गई और बड़ा हादसा टल गया।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले लगभग 20 वर्षों से फारूक अब्दुल्ला की हत्या करना चाहता था।

पुलिस के मुताबिक हमलावर के पास लाइसेंसी हथियार था। वह जिस शादी समारोह में घटना हुई, उसके मेजबान नेशनल कॉन्फ्रेंस के कार्यकर्ता सुरजीत सिंह का रिश्तेदार बताया जा रहा है। आरोपी पेशे से व्यवसायी है और पुराने शहर में उसकी कुछ दुकानें हैं।

घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री Omar Abdullah ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि एक व्यक्ति लोडेड पिस्टल लेकर बेहद करीब पहुंच गया और गोली चला दी। उन्होंने कहा कि अल्लाह का शुक्र है कि उनके पिता सुरक्षित हैं, लेकिन यह सवाल उठता है कि Z+ सुरक्षा प्राप्त पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब हमलावर कैसे पहुंच गया, वहीं डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए कहा कि पुलिस को बताना चाहिए कि समारोह स्थल पर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई।

गौरतलब है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला तीन बार जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उनके पिता Sheikh Abdullah भी राज्य के मुख्यमंत्री रहे थे, जबकि उनके बेटे उमर अब्दुल्ला वर्तमान में मुख्यमंत्री हैं। फारूक अब्दुल्ला वर्ष 2009 से 2014 तक केंद्र सरकार में ऊर्जा मंत्री भी रह चुके हैं।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment