भोजपुरी स्टार पवन सिंह के नाम पर बड़ा शो कराने की बात पर हुआ था पेमेंट….
आजमगढ़। भोजपुरी कलाकार पवन सिंह के नाम पर शो कराने का झांसा देकर 14 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर अतरौलिया थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अमेठी जिले के रहने वाले दिव्यांश सिंह उर्फ कबीर ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह स्वयं एक म्यूजिक कलाकार हैं और क्लब, रेस्टोरेंट व पार्टियों में गिटार बजाने के साथ म्यूजिकल बैंड शो कर अपनी जीविका चलाते हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात मोहम्मद खुर्शीद अहमद और उनके पार्टनर टीना भाई से हुई, जिन्होंने उनके गीतों की सराहना की और बड़े कार्यक्रम कराने का प्रस्ताव दिया।
पीड़ित के अनुसार, खुर्शीद अहमद और टीना भाई ने भोजपुरी स्टार पवन सिंह के नाम पर बड़ा शो कराने की बात कही और 50 प्रतिशत भागीदारी का भरोसा दिलाया। इसके बाद दिव्यांश सिंह ने आजमगढ़ के अतरौलिया निवासी अपने मित्र निहाल सिंह से चर्चा की। निहाल सिंह ने बताया कि उनके पड़ोसी निशान सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह की पवन सिंह से अच्छी जान-पहचान है और वे बुकिंग करवा सकते हैं।

इसके बाद आरोपी पहले लखनऊ और फिर आजमगढ़ में मिले। बातचीत में तय हुआ कि पवन सिंह का शो 15 लाख रुपये में होता है, लेकिन वे 13 लाख रुपये में बुकिंग करवा देंगे। शर्त रखी गई कि 9 लाख रुपये एडवांस और शो के दिन 4 लाख रुपये देने होंगे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसने विभिन्न बैंक खातों के जरिए 14 लाख रुपये से अधिक की रकम आरोपियों को दे दी। कार्यक्रम की बुकिंग 31 दिसंबर 2024 को अवध विहार योजना के पास शिल्पग्राम क्षेत्र में कराई गई थी, लेकिन न तो शो हुआ और न ही पैसा वापस किया गया।
पीड़ित का कहना है कि बीते एक साल से वह लगातार रुपये वापस मांग रहा है, लेकिन उसे पैसा नहीं लौटाया गया। आरोपियों ने उसका करियर भी खराब कर दिया। अतरौलिया थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




