आजमगढ़ में यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू, जिले में 273 केंद्रों पर 1.68 लाख से अधिक परीक्षार्थी, 22 अति संवेदनशील केंद्र चिन्हित!

SHARE:

यूपी बोर्ड परीक्षा में पहले दिन हिंदी का पेपर…..

आजमगढ़। यूपी बोर्ड परीक्षा की शुरुआत बुधवार सुबह जिलेभर में हो गई। पहले दिन हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह देखा गया। सुबह 8:30 बजे से शुरू हुई परीक्षा के लिए परीक्षार्थी समय से अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। इस वर्ष आजमगढ़ जिले में यूपी बोर्ड के कुल 1,68,886 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इसके लिए जिले में 273 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की निगरानी और संचालन के लिए 5,174 कक्ष निरीक्षक व बाह्य कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए हैं, पहले दिन हाईस्कूल स्तर पर हिंदी विषय का प्रश्नपत्र आयोजित किया गया।

22 अति संवेदनशील केंद्र, 43 संवेदनशील केंद्र- परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें वॉइस रिकॉर्डिंग की सुविधा भी उपलब्ध है। जिले में कुल 43 संवेदनशील और 22 अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र चिन्हित किए गए हैं।

सेक्टर-जोन में बांटा गया जिला- पूरी परीक्षा व्यवस्था को जिले में 28 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 8 जोनल मजिस्ट्रेट और 4 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 6 सचल दल भी लगाए गए हैं।

हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में इतने परीक्षार्थी

हाईस्कूल: कुल 83,628 परीक्षार्थी

छात्र: 43,117

छात्राएं: 40,511

इंटरमीडिएट: कुल 85,258 परीक्षार्थी

छात्र: 43,349

छात्राएं: 41,909

कंट्रोल रूम नंबर जारी- परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की कठिनाई, शिकायत या सुझाव के लिए कंट्रोल रूम का नंबर 05462-297477 जारी किया गया है। कंट्रोल रूम प्रभारी एडीआईओएस द्वारा पूरी परीक्षा प्रक्रिया की मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की जा रही है। बता दें कि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं फरवरी से 12 मार्च तक दो पालियों में आयोजित की जाएंगी।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment