“साईं हॉस्पिटल” चिकित्सा मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाओं का अभाव पाया गया…
आजमगढ़। जनपद में अवैध एवं अपंजीकृत रूप से संचालित निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। जिलाधिकारी के आदेश एवं मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ/निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने महराजगंज ब्लॉक के अंतर्गत भैरव बाबा मंदिर के पास संचालित साईं हॉस्पिटल पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान जांच में सामने आया कि साईं हॉस्पिटल बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण के समय अस्पताल में चिकित्सा मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाओं का अभाव पाया गया। टीम को न तो अस्पताल का कोई वैध पंजीकरण प्रमाण पत्र दिखाया गया और न ही मानक अनुसार प्रशिक्षित चिकित्सक एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध मिले। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गंभीर अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए तत्काल प्रभाव से साईं हॉस्पिटल को सीज कर दिया। साथ ही प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही भी की गई।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना पंजीकरण और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित किसी भी निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाया जाएगा।




