निजामाबाद पुलिस ने जाँच व कार्यवाही करते हुए आरोपी को पहुँचाया सलाखों के पीछे……
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के सहारे दो-दो पासपोर्ट बनवाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में रिजवान अहमद (55 वर्ष) निवासी सुराही, पोस्ट फरिहा को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। यह मामला केवल कागजी हेराफेरी तक सीमित नहीं, बल्कि इसमें देश की आंतरिक सुरक्षा को अनदेखा कर जन्मतिथि, माता-पिता के नाम और पहचान विवरण तक बदलकर सरकारी दस्तावेजों में जालसाजी करने का आरोप है।
कैसे खुला “डबल पासपोर्ट” का राज?
पुलिस के मुताबिक 09 दिसंबर 2025 को चौकी प्रभारी फरिहा उप निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने थाना कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया गया कि पासपोर्ट धारक रिजवान अहमद ने अलग-अलग पहचान विवरणों के आधार पर दो पासपोर्ट बनवा रखे हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले पासपोर्ट के लिए एक जन्मतिथि और माता का नाम दर्ज कराया है जबकि दूसरे पासपोर्ट के लिए आधार कार्ड, आयु और निवास प्रमाण पत्र में कूटरचना कर अलग जन्मतिथि, अलग माता-पिता के नाम और अन्य बदले हुए विवरण दर्ज कराकर पासपोर्ट बनवा लिया यानी, एक ही व्यक्ति ने दो अलग-अलग पहचान बनाकर सरकारी सिस्टम को गुमराह करने की कोशिश की।
पुलिस ने ऐसे दबोचा आरोपी
इस मामले की विवेचना के दौरान 04 फरवरी 2026 को उप निरीक्षक राज नारायण पाण्डेय (चौकी इंचार्ज रसीदगंज) ने वांछित अभियुक्त को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। आरोपी थाने पहुंचा, जहां उससे पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी अपने बचाव में कोई वैध साक्ष्य या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
क्राइम एंगल- यह मामला इसलिए गंभीर माना जा रहा है क्योंकि पासपोर्ट जैसे संवेदनशील दस्तावेज में फर्जी पहचान बनाकर दो पासपोर्ट तैयार कराना देश की सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी खतरा बन सकता है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने यह कदम किस मकसद से उठाया और क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका भी रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उसे दोपहर 12:20 बजे हिरासत में लेकर नियमानुसार माननीय न्यायालय भेज दिया
कौन-कौन सी धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा? थाना निजामाबाद में मुकदमा मु0अ0सं0–408/25 के तहत दर्ज किया गया है। इसमें बीएनएस और पासपोर्ट अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं—धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस, धारा 12(1) पासपोर्ट अधिनियम

गिरफ्तार अभियुक्त- रिजवान अहमद पुत्र सिद्दीक अहमद निवासी— सुराही, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ उम्र— लगभग 55 वर्ष
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम- उ0नि0 राज नारायण पाण्डेय, चौकी इंचार्ज रसीदगंज, थाना निजामाबाद व अन्य




