मनरेगा फाइल पर हस्ताक्षर को लेकर प्रधान-सचिव में विवाद, ब्लॉक परिसर में हंगामा

SHARE:

कथित तौर पर कमीशन की मांग का मामला चर्चा में….

आजमगढ़। मार्टिनगंज ब्लॉक परिसर में मनरेगा से संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर को लेकर कुर्थुआ ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव के बीच तीखा विवाद हो गया। शोर-शराबा बढ़ने पर ब्लॉक परिसर में मौजूद कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।

कुर्थुआ ग्राम प्रधान अतुल कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि बीते एक माह से मनरेगा के अंतर्गत कराए गए कार्यों के भुगतान के लिए पंचायत सचिव से बार-बार अनुरोध किया जा रहा था, लेकिन सचिव द्वारा फाइल पर हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे थे। प्रधान के अनुसार, मंगलवार को जब उन्होंने पुनः मनरेगा एवं निधि की फाइल पर हस्ताक्षर कराने की बात की तो सचिव यशवंत कुमार ने कथित तौर पर कमीशन की मांग की। कमीशन देने से इनकार करने पर सचिव ने अभद्रता करते हुए फाइल फेंक दी, जिससे विवाद उत्पन्न हो गया।

प्रधान ने यह भी बताया कि इस संबंध में पूर्व में वीडियो, डीडीओ, ब्लॉक प्रमुख एवं जिलाधिकारी से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक भुगतान की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। प्रधानों का कार्यकाल समाप्ति की ओर है और यदि समय से भुगतान नहीं हुआ तो मजदूरों एवं सामग्री आपूर्तिकर्ताओं का भुगतान करना मुश्किल हो जाएगा। इसके अलावा प्रधान ने आरोप लगाया कि पंचायत सचिव द्वारा रणतुर्या अखबार में प्रकाशित ग्राम सभा गजट का भुगतान भी अब तक नहीं किया गया है तथा हर कार्य पर कमीशन की मांग की जाती है।

वहीं, जब इस मामले में पंचायत सचिव यशवंत कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। मामले को लेकर ब्लॉक परिसर में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment