लाटघाट क्षेत्र में खड़ी गाड़ियों में आगजनी, शरारती तत्वों से ग्रामीण दहशत में!

SHARE:

खड़ी गाड़ियों में आग लगाने के मामले में पूर्व में दो मामले दर्ज़…..

आजमगढ़। सगड़ी–जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लाटघाट पुलिस चौकी क्षेत्र में वाहन आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। चौको खुर्द गांव में शरारती तत्वों ने घरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों और कारों में आग लगाकर भारी नुकसान पहुंचाया है। अब तक कई बाइक और एक कार को आग के हवाले किया जा चुका है। पुलिस ने दो मामलों में मुकदमा दर्ज किया है, हालांकि अब तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे वाहन मालिकों में भय का माहौल बना हुआ है।

चौको खुर्द गांव निवासी ममता राय ने जीयनपुर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह मध्यम वर्गीय परिवार से हैं। उनकी मोटरसाइकिल घर के दरवाजे पर खड़ी थी। 24 जनवरी की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाइक में आग लगा दी, जिससे वाहन को भारी नुकसान हुआ। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इसी तरह करीब एक पखवारा पूर्व गांव के ही पंकज राय ने भी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 जनवरी की रात उनके घर के बाहर खड़ी नई बलेनो कार में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी, जिससे कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।ग्रामीणों के अनुसार गांव में खड़ी अन्य मोटरसाइकिलों को भी शरारती तत्वों ने निशाना बनाया है। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं से गांव के लोग सहमे हुए हैं और पुलिस से गश्त बढ़ाने तथा जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment