खजुरी मैदान से 2027 का बिगुल: मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भरी हुंकार, सपा पर तीखा हमला!

SHARE:

बसंत पंचमी एवं महाराजा सुहेलदेव की जयंती के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चन हुआ……..

आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव की 1017वीं जन्म जयंती के अवसर पर शुक्रवार को अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के खजुरी मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान पंचायतीराज मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने वर्ष 2027 के चुनावी अभियान का शंखनाद किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि आजमगढ़ की धरती से “2027 का युद्ध” शुरू हो चुका है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर एवं विशिष्ट अतिथि सुभासपा के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। बसंत पंचमी एवं महाराजा सुहेलदेव की जयंती के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और हवन भी संपन्न हुआ।सभा को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा गरीबों और वंचितों का शोषण किया है। उन्होंने दावा किया कि खजुरी मैदान से 2027 और पंचायत चुनाव का आगाज हो चुका है और इस बार सपा का पूरी तरह सफाया तय है। उन्होंने कहा कि यही मैदान सपा के गढ़ में उसे “दफन” करने का साक्षी बनेगा। वहीं, मुख्यlmm प्रवक्ता अरुण राजभर ने सपा पर महापुरुषों के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि जब सपा सत्ता में थी तब उसने महाराजा सुहेलदेव जैसे महापुरुषों को सम्मान नहीं दिया। सत्ता से बाहर होने के बाद अब वह महापुरुषों और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को याद कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा एक वर्ग विशेष की राजनीति करती है और आजमगढ़ के विकास के नाम पर लूट मचाई गई।

सभा में वक्ताओं ने कहा कि अब जनता को तय करना है कि वह महाराजा सुहेलदेव का सम्मान करने वालों के साथ है या उनके अपमान करने वालों के साथ। कार्यक्रम में भारी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी रही और पूरा मैदान पीले झंडों से पटा नजर आया, जिसे वक्ताओं ने 2027 के लिए स्पष्ट संकेत बताया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी दीपक सिंह, वकील चौरसिया, अशोक प्रजापति, अशोक गौड़, मोहन राजभर, कुलदीप राजभर, रमाशंकर राजभर, हरीबदन प्रजापति, राधिका पटेल, लक्ष्मी राजभर, नरेमा राजभर, अनीता, सुनीता, अनन्या वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment