तीन दिन से लापता ऑटो चालक का शव बरामद, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप!

SHARE:

पत्नी ने अपने देवर और देवरानी पर लगया हत्या का आरोप….

आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। ग्राम धौरहरा निवासी लगभग 41 वर्षीय ऑटो चालक सुबोध सिंह, जो बीते तीन दिनों से लापता थे, उनका शव शुक्रवार सुबह मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवा गांव के पास बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव घर पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों के अनुसार, सुबोध सिंह 21 जनवरी बुधवार की सुबह करीब 9 बजे घर से ऑटो लेकर निकले थे। शाम के समय उनकी परिजनों से अंतिम बार बातचीत हुई थी, इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने गुरुवार को अतरौलिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार सुबह शव मिलने की सूचना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

मृतक की पत्नी सुमन सिंह और बच्चों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि सुबोध सिंह को पहले से ही धमकियां मिल रही थीं। पत्नी ने अपने देवर सुशील सिंह और देवरानी सुनीता पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हीं लोगों ने साजिश के तहत सुबोध की हत्या करवाई है। वहीं मृतक के पुत्र समर प्रताप ने बताया कि 21 जनवरी की शाम करीब 5:50 बजे हुई अंतिम बातचीत के दौरान उनके पिता काफी घबराए हुए थे और आसपास कई लोगों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। सुबोध सिंह अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियां—छाया, डिम्पल और मनी—तथा एक छोटा बेटा समर प्रताप छोड़ गए हैं। वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। रोते-बिलखते परिजनों ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

घटना की सूचना पर थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment