मुलायम यादव ने लगाया मतदाता सूची में फर्जी नामों का आरोप, एसडीएम से की शिकायत!

SHARE:

फूलपुर देहात के बूथ को भी अन्य जगह स्थानांतरित करने मांग…..

आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम फूलपुर देहात निवासी एक व्यक्ति ने ग्राम सभा की मतदाता सूची में फर्जी नाम शामिल होने का आरोप लगाते हुए उसे दुरुस्त कराने की मांग उठाई है। गुरुवार को भीम आर्मी व आज़ाद समाज पार्टी के स्थानीय नेता अनिल यादव उर्फ मुलायम पुत्र महेन्द्र यादव फूलपुर तहसील पहुंचे और अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान अनिल (मुलायम यादव) ने अपने गले में एक तख्ती टांग रखी थी, जिस पर लिखा था— “समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक की दादागिरी बर्दाश्त नहीं करेंगे” तथा “ग्राम सभा फूलपुर देहात की मतदाता सूची का भी एसआईआर हो”। उन्होंने उप जिलाधिकारी फूलपुर से मुलाकात कर एक प्रार्थना पत्र सौंपा।

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया कि ग्राम सभा फूलपुर देहात की मतदाता सूची में कुछ नाम फर्जी तरीके से दर्ज हैं, जिनमें वर्तमान ग्राम प्रधान के रिश्तेदारों के नाम भी शामिल हैं। अनिल यादव का कहना है कि उन्होंने पूर्व चुनाव के दौरान भी इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बावजूद आज तक कोई सुधार नहीं किया गया। आरोप है कि इन फर्जी नामों के कारण मतदान के दिन बूथों पर अवैध मतदान होता है, जिससे तनावपूर्ण माहौल बन जाता है और निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं हो पाता।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान तथा फूलपुर-पवई क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक के राजनीतिक रसूख और दबाव के चलते उनकी शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे विपक्षी प्रत्याशियों को विरोध करने पर जान-माल का खतरा बना रहता है। साथ ही, मतदान केंद्र प्रधान के घर से सटा होने के कारण दबंगई का माहौल बना रहता है। अनिल यादव ने मांग की कि ग्राम सभा फूलपुर देहात की मतदाता सूची की पुनः विशेष जांच कराई जाए, फर्जी नामों को हटाया जाए तथा निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए ग्राम सभा के मतदान केंद्र को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment