एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी में एंबुलेंस से महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया….
आजमगढ़। नगर पंचायत अतरौलिया के वार्ड संख्या 7 जोलहा टोला में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता करीब 30 घंटे तक अपने कमरे में अंदर से बंद रही। लंबे समय तक दरवाजा न खुलने और भीतर से किसी प्रकार की हलचल न होने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, जोलहा टोला निवासी मनोज मद्धेशिया की पत्नी खुशी मद्धेशिया लगभग 12 दिन बाद मायके से ससुराल लौटी थीं। घर आने के बाद वह अपने कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। शुरुआत में परिजनों को लगा कि उनकी तबीयत खराब होगी और वह आराम कर रही होंगी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी दरवाजा न खुलने पर चिंता बढ़ गई।
बुधवार शाम तक स्थिति स्पष्ट न होने पर पति मनोज कुमार ने महिला के भाइयों को सूचना दी। वहीं, पड़ोसियों ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही अतरौलिया थानाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला के मायके पक्ष से संपर्क किया, लेकिन उनके पहुंचने में समय लगने की बात सामने आई।
स्थिति को गंभीर मानते हुए पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तुड़वाया। दरवाजा खुलते ही महिला बिस्तर पर लेटी हुई मिली। पानी के छींटे पड़ते ही वह जाग गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी में एंबुलेंस से महिला को उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस के अनुसार, महिला की हालत फिलहाल सामान्य है। समय रहते कार्रवाई होने से किसी अनहोनी की आशंका टल गई, जिस पर पुलिस और परिजनों ने राहत महसूस की।




