उप मुख्यमंत्री ने की आजमगढ़ में विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश!

SHARE:

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की उपस्थित के अवसर पर गोद भराई, अन्नप्राशन कार्यक्रम संपन्न कराए गए…..

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को जनपद भ्रमण के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र व प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि गरीब, मजदूर, महिला, किसान और वंचित वर्ग तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत–जी रामजी अधिनियम के तहत ग्रामों का सर्वांगीण विकास किया जाएगा और ग्रामों को सशक्त बनाकर ही देश को विकसित बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पीएम गति शक्ति योजना के माध्यम से ग्राम विकास का स्पष्ट रोडमैप तैयार किया गया है, जिससे रोजगार के अवसर भी सुरक्षित रहेंगे।

श्री मौर्य ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए अधिकारियों को इस दिशा में और बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री के विजन को साकार करने के लिए विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।

इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत शाहगढ़ में विकसित भारत–जी रामजी अधिनियम–2025 के अंतर्गत आयोजित ग्राम चौपाल में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि पूर्व में मनरेगा के तहत किए जाने वाले कार्य अब विकसित भारत–जी रामजी अधिनियम के अंतर्गत ग्रामों के समग्र विकास के लिए किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन, बिजली, नल से जल जैसी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजा जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न मिल रहा है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में अब तक लगभग 60 लाख गरीबों को आवास उपलब्ध कराया जा चुका है और आगे भी करोड़ों परिवारों को पक्की छत देने का लक्ष्य है।उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार को समाप्त किए बिना देश और प्रदेश को विकसित नहीं बनाया जा सकता। ग्राम समाज की भूमि, चकरोड, चारागाह व खलिहान की जमीन पर अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश भी उन्होंने अधिकारियों को दिए।

ग्राम चौपाल के दौरान- महिला कल्याण, बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य, उद्योग, ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का उप मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर गोद भराई, अन्नप्राशन कार्यक्रम संपन्न कराए गए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबी, विद्युत सखियों व स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र, डेमो चेक व टूलकिट का वितरण किया गया। इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री ने ब्रह्मर्षि स्वामी सहजानंद सरस्वती सेवा न्यास, महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय सहित अन्य विश्वविद्यालयों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी-सह-कार्यशाला में भी प्रतिभाग किया।कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना सहित अन्य जनप्रतिनिधि व जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment