MLC विजय बहादुर पाठक व रामसूरत राजभर रहे उपस्थित…
आजमगढ़, 18 जनवरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत प्रदेश के दो लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे 2,000 करोड़ रुपये की अनुदान राशि का अंतरण किया। इस योजना के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ के 2304 लाभार्थियों के खातों में भी प्रथम किस्त की धनराशि भेजी गई। लखनऊ से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आज हरिऔध कला केंद्र, आजमगढ़ में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक और रामसूरत राजभर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित हैं, प्रधानमंत्री की मंशा है कि देश का कोई भी नागरिक झोपड़ी में न रहे। इसी सोच के तहत जनपद में अब तक लगभग 16 हजार लोगों को आवास का लाभ मिल चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी जाति या मजहब के भेदभाव के, केवल गरीबी को आधार मानकर दिया जा रहा है।

एम एल सी रामसूरत राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना की धनराशि बिना किसी पैरवी के सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। साथ ही उन्होंने लोगों से आत्मनिर्भर बनने के लिए स्वयं प्रयास करने और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विधान परिषद सदस्यों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के अंतर्गत लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, उप जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




