मिशन शक्ति 5.0 के तहत फिर एक हुए दो परिवार…..
आजमगढ़। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत आजमगढ़ पुलिस द्वारा परिवारों में बढ़ते विवादों के समाधान की दिशा में सराहनीय पहल की गई। दिनांक 11 जनवरी 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली परिसर स्थित परिवार परामर्श प्रकोष्ठ/नई किरण में बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान कुल 07 पत्रावलियों के दोनों पक्षों को फोन व नोटिस के माध्यम से बुलाया गया, जिनमें से 06 प्रकरणों में पक्षकार उपस्थित हुए। काउंसलिंग एवं समझा-बुझाकर किए गए प्रयासों के फलस्वरूप 02 मामलों में सफलतापूर्वक आपसी समझौता कराया गया। ये प्रकरण मुख्य रूप से दहेज को लेकर शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना से संबंधित थे। इस पहल से न केवल बिखरे परिवारों में पुनः सामंजस्य स्थापित हुआ, बल्कि माननीय पारिवारिक न्यायालय के कार्यभार में भी कमी आई। शेष मामलों में दोनों पक्षों को आगामी तिथि पर मिडिएशन के लिए नोटिस व फोन द्वारा सूचित किया जाएगा।
सफल समझौता प्रकरण (02):
1. अर्चना मौर्य पत्नी वृजराज मौर्य, निवासी लेडुवा, थाना तहबरपुर
2. अरविन्द यादव पुत्र सिकानू यादव, निवासी बालापुर रामसारा, थाना जीयनपुर
बैठक में- काउंसलर डॉ. उमेशचन्द्र पाण्डेय व श्री गिरीश सिंह पटेल के साथ प्रभारी परिवार परामर्श प्रकोष्ठ उपनिरीक्षक महेन्द्र प्रसाद तिवारी व उपनिरीक्षक सत्यनारायण यादव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत की गई यह पहल महिला सुरक्षा, पारिवारिक सौहार्द और सामाजिक स्थिरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




