मेगा क्रेडिट कैम्प में युवाओं को मिलेगा 5 लाख तक ब्याज मुक्त ऋण: डीएम

SHARE:

मेगा क्रेडिट कैम्प में सीएम युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को प्रतिकात्मक रूप से चेक/ऋण स्वीकृति पत्र का वितरण किया……

आजमगढ़, 07 जनवरी। जिला प्रशासन के सहयोग से विभिन्न बैंकों द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत हरिऔध कला केंद्र, आजमगढ़ में आयोजित मेगा क्रेडिट कैम्प का शुभारंभ जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पात्र युवाओं से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत पात्र युवाओं को ₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराना है, जिससे वे स्वरोजगार स्थापित कर अपनी आय बढ़ा सकें और प्रदेश व देश के विकास में योगदान दे सकें। उन्होंने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य ऋण आवेदन प्रक्रिया में होने वाली देरी और कठिनाइयों को कम कर न्यूनतम समय में ऋण वितरण सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान में जनपद के तीन प्रमुख बैंक—यूनियन बैंक (101 शाखाएं), उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक (74 शाखाएं) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (35 शाखाएं) सक्रिय रूप से शामिल हैं। जिलाधिकारी ने लाभार्थियों को निर्देशित किया कि जिस उद्देश्य के लिए ऋण स्वीकृत किया गया है, उसका उपयोग उसी कार्य में करें। उन्होंने ने जानकारी दी कि अब तक अभियान के अंतर्गत लगभग 6,000 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से करीब 2,800 आवेदनों पर ऋण स्वीकृत किया जा चुका है। बीते 2–3 दिनों में ही 300 लाभार्थियों के ऋण स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वीकृत ऋण राशि का 10 प्रतिशत मार्जिन मनी आवेदक के खाते में होना अनिवार्य है। उदाहरणस्वरूप, ₹5 लाख के ऋण हेतु ₹50,000 खाते में होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि जिन आवेदकों का ऋण अभी स्वीकृत नहीं हुआ है, वे संबंधित बैंकों से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज जमा करें, ताकि शीघ्र कार्रवाई कर ऋण उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही, उन्होंने जनपद के युवाओं से अधिक से अधिक आवेदन कर स्वरोजगार स्थापित करने की अपील की। जिलाधिकारी ने सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए कि पात्र आवेदकों की कमियां दूर कर अधिक से अधिक ऋण आवेदन स्वीकृत करें, ताकि मुख्यमंत्री की इस महत्वाकांक्षी योजना को सफल बनाया जा सके।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सीएम युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को प्रतिकात्मक रूप से चेक/ऋण स्वीकृति पत्र का वितरण किया। कार्यक्रम में क्षेत्र प्रमुख यूबीआई, क्षेत्र प्रमुख यूपी ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय प्रबंधक एसबीआई, उपायुक्त उद्योग श्री एस.एस. रावत, एलडीएम सहित संबंधित बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment