सुहेलदेव विश्वविद्यालय में एंटी रैगिंग कमेटी व आंतरिक शिकायत सेल का गठन!

SHARE:

छात्रों को मानसिक संत्रास से मुक्त, सुरक्षित रखने का प्रयास….

आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ परिसर में रैगिंग पर प्रभावी रोक लगाने, सुरक्षित कार्यस्थल व शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार के भेदभाव से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए एंटी रैगिंग कमेटी एवं आंतरिक शिकायत सेल (आईसीसी) का गठन किया गया है। यह कदम कुलपति प्रो. संजीव कुमार के निर्देश पर उठाया गया है।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में 9 सदस्यीय एंटी रैगिंग कमेटी गठित की गई है। समिति को यह अधिकार दिया गया है कि रैगिंग से संबंधित किसी भी सूचना के प्राप्त होने पर नियमों के तहत तत्काल कार्रवाई करते हुए इसकी जानकारी कुलपति को अवगत कराए।

प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।इसके साथ ही छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए आंतरिक शिकायत सेल का भी गठन किया गया है। आईसीसी की नोडल अधिकारी प्रो. गीता सिंह होंगी, जबकि 11 सदस्यीय टीम को किसी भी प्रकार के भेदभाव से संबंधित शिकायतों की त्वरित जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति अपनी जांच रिपोर्ट कुलपति एवं संबंधित अधिकारियों को सौंपेगी, जिससे शीघ्र अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

दोनों ही समितियों में सहायक कुलसचिव डॉ. महेश कुमार श्रीवास्तव सचिव के रूप में सहयोग करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को मानसिक संत्रास से मुक्त, सुरक्षित और स्वच्छ शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना विश्वविद्यालय की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment