बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आजमगढ़ में शपथ व हस्ताक्षर अभियान!

SHARE:

राज्य महिला आयोग की सदस्या डॉ. प्रियंका मौर्या की अध्यक्षता में जनपद स्तर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन….

आजमगढ़, 07 जनवरी। जिला प्रोबेशन अधिकारी, आजमगढ़ के नेतृत्व में जनपद में 27 नवम्बर 2025 से 100 दिवसीय राष्ट्रीय अभियान “बाल विवाह मुक्त भारत” (Child Marriage Free Bharat) लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य समाज में बाल विवाह जैसी कुप्रथा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लोगों को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा बाल विवाह की रोकथाम के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

इसी क्रम में बुधवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या डॉ. प्रियंका मौर्या की अध्यक्षता में जनपद स्तर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विकसित पोर्टल

https://stopchildmarriage.wcd.gov.in

पर उपलब्ध “Take Pledge” विकल्प के माध्यम से उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आमजन को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई। शपथ लेने वाले प्रतिभागियों को इस सामाजिक अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रशंसा-पत्र भी वितरित किए गए।

सदस्या डॉ. प्रियंका मौर्या ने अपने संबोधन में कहा कि बाल विवाह न केवल बच्चों के अधिकारों का हनन है, बल्कि यह उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में भी बड़ी बाधा है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर इस कुरीति के खिलाफ आवाज उठानी होगी और प्रशासन के साथ मिलकर इसे जड़ से समाप्त करना होगा।इसके उपरांत माननीय सदस्या की अध्यक्षता में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने बाल विवाह न करने और न होने देने का संकल्प लिया। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री सुबोध कुमार सिंह ने अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम, बैठकें एवं प्रचार-प्रसार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। वहीं वन स्टॉप सेंटर की केंद्र व्यवस्थापक श्रीमती सरिता पाल ने महिलाओं एवं बालिकाओं के संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन कार्यालय एवं वन स्टॉप सेंटर के अन्य कर्मचारीगण सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से जनपद में बाल विवाह के विरुद्ध सकारात्मक माहौल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment