आजमगढ़ में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में सर्वाधिक लंबित आवेदन……
आजमगढ़, 02 दिसंबर। जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी स्वरोजगार योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बैंकवार लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी बैंकों के जिला स्तर के प्रबंधकों को निर्देश दिया कि क्षेत्रीय व शाखा प्रबंधकों से समन्वय स्थापित कर लंबित आवेदनों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में सर्वाधिक लंबित आवेदनों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए एसबीआई के जिला प्रबंधक को निर्देशित किया कि सभी शाखा प्रबंधकों के साथ समन्वय कर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि युवाओं को उद्योग से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की यह माननीय मुख्यमंत्री की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है कि अधिक से अधिक युवा उद्यमियों को ऋण उपलब्ध कराकर रोजगार से जोड़ा जाए। जिलाधिकारी ने सभी बैंकों के जिला प्रबंधकों को यह भी निर्देश दिए कि जो आवेदन अस्वीकृत किए गए हैं, उनकी एक बार पुनः समीक्षा कर आवेदनकर्ताओं को बुलाकर कमियों को दूर कराया जाए, ताकि ऋण स्वीकृति सुनिश्चित हो सके। साथ ही ऋण स्वीकृति व वितरण की प्रक्रिया में आवेदनकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
बैठक में पीएम सूर्य घर योजना की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिला स्तर के बैंक अधिकारी शाखा प्रबंधकों से वार्ता कर लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई शाखा प्रबंधक बिना कारण आवेदनकर्ता को बार-बार बुलाता है या स्वीकृति में अनावश्यक देरी करता है, तो उसे चेतावनी जारी की जाए और आवश्यकता होने पर उच्चाधिकारियों को कार्रवाई हेतु पत्र भेजा जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री परीक्षित खटाना, जिला विकास अधिकारी श्री संजय कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग, उप निदेशक कृषि, डीसी मनरेगा सहित विभिन्न बैंकों के जिला स्तर के अधिकारी व शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।




