धांधली, धोखाधड़ी करने वाले बैंक कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग…
आजमगढ़। जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र के यूनियन बैंक शाखा सहदेवगंज में शनिवार को एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जहां ग्राहक द्वारा खाते में जमा किया गया चेक क्लियर होने के बावजूद राशि खाते में क्रेडिट नहीं हुई। पीड़ित ग्राहक ने बैंक में तैनात एक अनाधिकृत व्यक्ति और महिला सुरक्षा कर्मी पर बाइक का प्लग होल्डर निकालने का भी आरोप लगाया है।
महराजगंज थाना क्षेत्र के देवनपुर गांव निवासी सुरेंद्र तिवारी गहजी स्थित नेवादा पेट्रोल पंप किसान सेवा केंद्र का संचालन करते हैं। उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप के एक ग्राहक द्वारा 45 हजार रुपये का भुगतान चेक के माध्यम से किया गया था, जिसे 4 दिसंबर को यूनियन बैंक सहदेवगंज शाखा में पंप के खाते में जमा किया गया। चेक क्लियर होने के बावजूद राशि खाते में नहीं आई। जब उन्होंने खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, तब इस गड़बड़ी की जानकारी हुई।
पीड़ित के अनुसार, शुक्रवार को जब वह बैंक शाखा पहुंचे तो काफी खोजबीन के बाद वाउचर में चेक संलग्न मिला, जो पहले ही क्लियर हो चुका था। इस संबंध में शाखा प्रबंधक संजीव चौरसिया से पूछने पर उन्होंने अनभिज्ञता जताई और बाद में खाते में पैसा भेजने का आश्वासन दिया।
सुरेंद्र तिवारी का आरोप है कि बैंक से बाहर निकलकर जब उन्होंने अपनी बाइक स्टार्ट करनी चाही तो वह स्टार्ट नहीं हुई। जांच करने पर पता चला कि बाइक का प्लग होल्डर गायब था। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली कि बैंक में अनाधिकृत रूप से तैनात छोटू नामक व्यक्ति द्वारा प्लग होल्डर निकाला गया है। शनिवार को दोबारा बैंक पहुंचकर शिकायत करने पर उक्त व्यक्ति ने बताया कि उसने महिला सुरक्षा कर्मी इंदू के कहने पर ऐसा किया था। बाद में महिला सुरक्षा कर्मी ने अपने पास से प्लग होल्डर वापस कर दिया।
मामले में बैंक प्रबंधन से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन शाखा प्रबंधक अवकाश पर बताए गए। वहीं कैशियर प्रशांत कुमार शुक्ल ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि संबंधित चेक बाउंस हो गया है। चेक जमा करने वाले को इसकी सूचना देने और चेक वापस करने के सवाल पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और कहा कि शेष जानकारी शाखा प्रबंधक के आने पर दी जाएगी।फिलहाल मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और पीड़ित ग्राहक ने संबंधित अधिकारियों से उचित कार्रवाई की मांग की है।




