मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी का अनुभव कर रहे लोग…..
आजमगढ़, 22 दिसंबर। जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार के विशेष प्रयास से कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष के सामने कियोस्क मशीन स्थापित की गई है। इस नवाचार के माध्यम से जनपदवासियों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर डिजिटल रूप में उपलब्ध कराई जा रही है।
कियोस्क मशीन के जरिए नागरिक सरकारी योजनाओं से जुड़ी नवीनतम जानकारी, पात्रता, लाभ, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया आसानी से जान सकते हैं। इसके साथ ही क्यूआर कोड और संवेदनशील चैटबॉट की सुविधा भी दी गई है, जिससे योजनाओं तक त्वरित पहुंच संभव हो सकी है। यह मशीन बहुभाषी समर्थन के साथ उपलब्ध है, जिससे विभिन्न भाषाई पृष्ठभूमि के नागरिक भी सरलता से इसका उपयोग कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले 10 दिनों में कियोस्क मशीन के माध्यम से 204 लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी ली और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कियोस्क मशीन में मुख्यमंत्री के विशेष फ्रेम के साथ सेल्फी लेने की सुविधा लोगों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जिससे जन सहभागिता भी बढ़ी है।

उन्होंने बताया कि कियोस्क मशीन नागरिकों को कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देने के साथ ही स्वयं-पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराती है। यह व्यवस्था सरकारी कार्यालयों और एजेंटों पर निर्भरता को कम करती है तथा सटीक और प्रमाणित जानकारी हर समय उपलब्ध कराती है।
जिलाधिकारी ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री ने हाल ही में जनपद भ्रमण के दौरान कियोस्क मशीन का अवलोकन किया और इस अभिनव प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कियोस्क मशीन सहभागिता बढ़ाने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के प्रचार का एक प्रभावी माध्यम है।

उल्लेखनीय है कि पूरे भारत में मात्र 6000 स्थानों पर ही इस प्रकार की कियोस्क मशीनें स्थापित की गई हैं। यह पहल डिजिटल प्रशासन को सशक्त बनाने, पारदर्शिता बढ़ाने और सेवा वितरण को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




