पुलिस की तत्परता से साइबर ठगी पीड़ितों को मिली राहत, 16,500 रुपये कराए गए वापस!

SHARE:

ऑनलाइन नौकरी दिलाने के नाम पर 10,000 रुपये की हुई थी साइबर ठगी…..

आजमगढ़। थाना अतरौलिया पुलिस की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने त्वरित और सराहनीय कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी व गलत ऑनलाइन भुगतान के दो मामलों में कुल 16,500 रुपये की धनराशि पीड़ितों को वापस कराई है। पुलिस की इस पहल से क्षेत्रीय लोगों में राहत के साथ-साथ कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल 2025 को कबीरुद्दीनपुर निवासी उमाकान्त द्वारा ऑनलाइन नौकरी दिलाने के नाम पर 10,000 रुपये की साइबर ठगी किए जाने के संबंध में थाना अतरौलिया पर साइबर शिकायत संख्या 23104250064359 दर्ज कराई गई थी। विधिक जांच के दौरान शिकायतकर्ता उमाकान्त का निधन हो गया। इसके बाद साइबर हेल्पडेस्क प्रभारी उप निरीक्षक अभिषेक यादव एवं कंप्यूटर ऑपरेटर आशीष कुमार ने बैंक से समन्वय स्थापित कर शिकायतकर्ता की पत्नी सरिता देवी को 9,000 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई।

शिकायतकर्ता की पत्नी सरिता देवी को 9,000 रुपये की धनराशि वापस हुई
शिकायतकर्ता की पत्नी सरिता देवी को 9,000 रुपये की धनराशि वापस हुई

इसी क्रम में, 10 अप्रैल 2025 को लोहरा गांव निवासी दिनेश यादव पुत्र दयाराम यादव द्वारा 7,500 रुपये का गलत ऑनलाइन भुगतान हो जाने के मामले में साइबर शिकायत संख्या 33104250042678 दर्ज कराई गई थी। इस प्रकरण में भी साइबर हेल्पडेस्क टीम ने तत्परता दिखाते हुए पूरी 7,500 रुपये की राशि आवेदक को वापस करा दी।

इन दोनों मामलों में साइबर हेल्पडेस्क प्रभारी उप निरीक्षक अभिषेक यादव तथा कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए आशीष कुमार की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। पुलिस की इस कार्रवाई से यह संदेश जाता है कि समय पर की गई साइबर शिकायत से पीड़ितों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सकता है।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या गलत ऑनलाइन लेन-देन की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने अथवा साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment