एरोप्लेन में तकनीकी खराबी के चलते उड़ान रद्द होने से यात्रियों में बढ़ा गुस्सा……
नई दिल्ली। दिल्ली से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-887 को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, टेक-ऑफ के बाद विमान के दाहिने इंजन का ऑयल प्रेशर शून्य हो गया, जिसके कारण इंजन बंद हो गया। एहतियातन पायलट ने विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट लौटाने का फैसला लिया।
फ्लाइट ने सुबह 6:10 बजे दिल्ली से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन करीब 40 मिनट बाद 6:52 बजे सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कर गई। दो इंजन वाले विमान एक इंजन के सहारे भी सुरक्षित लैंडिंग कर सकते हैं, इसी कारण समय रहते विमान को वापस लाया गया और किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के अनुसार, विमान टेक-ऑफ के बाद कुछ समय तक हवा में रहा और फिर दिल्ली लौट आया। विमान में करीब 335 यात्री सवार थे। एयरलाइन की ओर से सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था कर दी गई है, जिससे उन्हें मुंबई भेजा जा सके।
इस घटना को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सख्त रुख अपनाया है। मंत्रालय ने एअर इंडिया से मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और डीजीसीए (DGCA) को पूरी जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सरकार ने एयरलाइन को निर्देश दिया है कि यात्रियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और उनकी यात्रा के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गौरतलब है कि समय पर लिए गए निर्णय और पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।




