जिलाधिकारी ने एक जेल एक प्रोडक्ट योजना के तहत कारागार में ब्लैक पॉटरी से संबंधित विषय पे की चर्चा….
आजमगढ़। जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने शनिवार को संयुक्त रूप से जिला कारागार आजमगढ़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, कैदियों की सुविधाओं तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने एक जेल एक प्रोडक्ट योजना के तहत कारागार में ब्लैक पॉटरी से संबंधित उत्पादों के निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैदियों को कौशल विकास से जुड़े प्रशिक्षण प्रदान किए जाएं, जिससे वे सजा अवधि के बाद आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन कैदियों को अधिवक्ता उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें सरकारी अधिवक्ता की सुविधा सुनिश्चित कराई जाए, ताकि उनके मामलों की प्रभावी पैरवी हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बैरकों की तलाशी कराई, जिसमें कोई भी प्रतिबंधित वस्तु नहीं पाई गई। उन्होंने उच्च सुरक्षा बैरकों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से कराने और विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कैदियों के स्वास्थ्य को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों से जानकारी ली और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण आयोजित कराने के निर्देश दिए। साथ ही जेल परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सहित जिला कारागार के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




