मिशन शक्ति 5.0 के तहत लोगों को जागरूक किया गया….
आजमगढ़। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत बाल विवाह मुक्त भारत 100 दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, रानी की सराय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए पोस्टर, स्लोगन व नाटक प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार स्वरूप मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को स्वास्थ्य स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए सेनेटरी पैड का वितरण भी किया गया। साथ ही विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती अन्नू सिंह द्वारा प्रदान की गई। वन स्टॉप सेंटर से आईं केन्द्र प्रबंधक श्रीमती सरिता पाल ने संस्था की कार्यप्रणाली व चाइल्डलाइन सेवाओं के बारे में बताया। वहीं डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर श्रीमती प्रीति उपाध्याय ने बाल विवाह निवारण, महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जागरूकता बढ़ाई।
कार्यक्रम में विद्यालय की वार्डन एवं अध्यापिकाएं भी उपस्थित रहीं।




