आवंटित पोखरे के पट्टे की स्वीकृति हेतू मांगी गई थी रिश्वत….
आजमगढ़। मार्टिनगंज तहसील परिसर में शुक्रवार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) आजमगढ़ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक (आरके बाबू) जयप्रकाश यादव को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई तहसील परिसर के प्रथम तल स्थित रिकॉर्ड रूम में दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में की गई। शिकायतकर्ता अबुशाद पुत्र आलमगीर, निवासी रसूलपुर तुंगी, थाना बरदह ने एंटी करप्शन कार्यालय में शिकायत दी थी कि नीलामी द्वारा आवंटित पोखरे के पट्टे की स्वीकृति आदेश कराने के नाम पर राजस्व निरीक्षक द्वारा 5,000 रुपये की मांग की जा रही है।
शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।योजना के तहत दोपहर करीब 13:57 बजे जैसे ही आरोपी निरीक्षक ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम स्वीकार की, एंटी करप्शन टीम ने तत्काल उसे पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार पासवान, निरीक्षक ब्रजेश द्विवेदी, निरीक्षक आनंद कुमार वर्मा, निरीक्षक संजय त्रिपाठी, उपनिरीक्षक मुहम्मद ताहिर हुसैन खान सहित एंटी करप्शन आजमगढ़ इकाई के अधिकारी शामिल रहे। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे तहसील परिसर में हड़कंप मच गया, वहीं आम लोगों में राहत और संतोष व्यक्त किया जा रहा है कि भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।







