फूलपुर पुलिस को मिली कामयाबी……
फूलपुर, आजमगढ़। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (UBI) फूलपुर शाखा के बाहर 3 दिसंबर को हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी SIS गार्ड को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लापरवाही के चलते गिरी बंदूक से अचानक चली गोली में एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि दूसरा घायल हो गया था।
घटना बीते 3 दिसंबर को घटित हुई थी- बैसाड़ीह निवासी संजय चौहान और लवकुश चौहान बैंक से पैसे निकालकर बाहर खड़े थे। उसी दौरान कैश वैन के साथ पहुंचे SIS गार्ड अजय सिंह सड़क पार करते समय एक बाइक से टकरा कर असावधानी से अपनी बंदूक गिरा बैठे। बंदूक गिरते ही आकस्मिक फायर हुआ, जिसमें गोली लगने से संजय चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लवकुश गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस की तत्परता मृतक के पिता रामसजन चौहान की तहरीर और घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार (IPS) के निर्देश पर जांच तेज कर दी गई। 6 दिसंबर को पुलिस ने आरोपी अजय कुमार सिंह निवासी सरायशादी थाना सिधारी को माहुल मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी और कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त दो नाली बंदूक, दो खोखा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए। आरोपी पर बीएनएस की धारा 105/110 एवं आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मृतक के गांव में घटना के बाद से शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




