एमएसडीयू में पाँच दिवसीय रोवर्स–रेन्जर्स प्रवेश-जांच शिविर सम्पन्न!

SHARE:

अनुशासन, नेतृत्व और कौशल विकास का दिया गया प्रशिक्षण……

आज़मगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय (एमएसडीयू) आज़मगढ़ में रोवर्स–रेन्जर्स का प्रथम पाँच दिवसीय प्रवेश-जांच शिविर शनिवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कुलपति प्रो. संजीव कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर 2 दिसंबर से 6 दिसंबर तक चला। शिविर का संचालन लीडर ऑफ द कोर्स एवं समन्वयक डॉ. शफीउज्ज़मा ने किया।

शुक्रवार को कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने प्रशिक्षण मॉड्यूल का निरीक्षण किया और प्रतिभागियों की प्रतिबद्धता व अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व, क्षमता और समाज सेवा के प्रति समर्पित बनाना है। यह प्रशिक्षण शारीरिक, मानसिक, नैतिक और सामाजिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। समापन समारोह में कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र ने प्रतिभागियों को दीक्षोपदेश देते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं के समग्र विकास में सार्थक भूमिका निभाएगा और उनमें नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, शारीरिक व मानसिक सुदृढ़ता तथा समाज सेवा के प्रति समर्पण की भावना विकसित करेगा।

शिविर के दौरान प्रतिभागियों को मार्च पास्ट, ड्रिल अभ्यास, फिटनेस एक्सरसाइज, तम्बू लगाना, बांस-रस्सी से ढाँचा निर्माण, पुल व खाट बनाना जैसे कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही बोलाइन, स्क्वायर नॉट, शीट बेंड, क्लोहिच और फिशरमैन नॉट जैसी महत्वपूर्ण गाँठों को सीखाया गया। आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, घायल व्यक्तियों की सहायता, भूकंप, आग तथा बाढ़ में सुरक्षित निकासी के उपायों की जानकारी भी दी गई। आउटडोर कुकिंग, ध्वज शिष्टाचार, प्रतिज्ञा, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व आधारित गतिविधियाँ भी कराई गईं।

लीडर ऑफ द कोर्स डॉ. शफीउज्ज़मा ने बताया कि यह शिविर युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, सेवा-भाव और तकनीकी दक्षता विकसित करने में महत्वपूर्ण रहा। सहायक लीडर ट्रेनर मो. सादिक और को. अकबर आज़मी का सहयोग सराहनीय रहा। विश्वविद्यालय के खेल सचिव प्रो. प्रशांत राय ने कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है। शिविर संचालन में डॉ. हिमांशु शेखर, डॉ. मनीषा, डॉ. दीक्षा, शांभवी और डॉ. अभय की टीम सक्रिय रही। आगंतुक सूर्य प्रकाश अग्रहरि ने कहा कि युवा नेतृत्व ही भविष्य की तासीर लिखेगा, डॉ. शफीउज्ज़मा ने शिविर की सफलता का श्रेय कुलपति प्रो. संजीव कुमार और विश्वविद्यालय परिवार को दिया।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment