अतरौलिया में फूलपुर निवासी व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी!

SHARE:

प्राइवेट नौकरी करने के साथ कई अवैध कार्यों में आरोपी था मृतक विनोद बरनवाल……

अतरौलिया, आजमगढ़। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से सटे एक ईंट भट्टे के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शरीर जमीन पर पेट के बल पड़ा था, और नाक से बहा खून मिट्टी पर जमा हुआ दिखाई दे रहा था। शव के पाए जाने की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 10:30 बजे भट्टे पर काम करने वाले दो मजदूर ईंट पहुंचाकर लौट रहे थे, तभी मिट्टी के ढेर पर एक व्यक्ति को लेटा हुआ देखा। पास जाकर देखने पर व्यक्ति मृत पाया गया। मजदूरों ने तत्काल घटना की सूचना भट्टा मालिक केशव सिंह को दी, जिन्होंने अतरौलिया पुलिस को अवगत कराया। सूचना पर पहुंचे वरिष्ठ उप निरीक्षक पवन सिंह और उप निरीक्षक राजेंद्र कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। प्रथम दृष्टया पुलिस को उसके पास से 4 हजार रुपये बरामद हुए और अंदेशा जताया गया कि मृत्यु अचानक हुई है, संभवतः नशे की हालत में गिरने से चोट लगी हो सकती है। घटनास्थल पर पैर से जमीन को कुरेदने के निशान भी देखे गए।

घटना की जानकारी पर सीओ सगड़ी अनिल वर्मा व थानाध्यक्ष अहिरौला अमित कुमार मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए पहचान की कोशिश के दौरान एक युवक ने बताया कि कुछ दिन पहले एक व्यक्ति शराब के नशे में इसी क्षेत्र में घूमता देखा गया था।

बाद में पुलिस को पुष्टि हुई कि मृतक की पहचान फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के फूलपुर कस्बा निवासी विनोद बरनवाल (52 वर्ष) पुत्र स्वo प्रकाश बरनवाल के रूप में हुई, जो दिल्ली सहित अन्य कई शहरों में प्राइवेट नौकरी करते थे। परिजनों ने बताया कि 4 दिसंबर को वह बुढ़नपुर क्षेत्र में किसी रिश्तेदार के यहां गए थे, जिसके बाद से लापता थे, घटना की सूचना सुन मृतक के परिजनों के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है

मृतक के परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के कारणों की वास्तविक जांच जारी है। सीओ सगड़ी अनिल वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं बताया जाता है की मृत युवक गैर कानूनी अवैध कार्यों में संलिप्तता के चलते कई थानों में नामजत अभियुक्त रहा है, इसके ऊपर छोटे-मोटे अपराध के कई मुकदमे भी दर्ज है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment