फूलपुर पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता….
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन तथा क्षेत्राधिकारी फूलपुर के पर्यवेक्षण में थाना फूलपुर पुलिस व स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अन्तरजनपदीय टप्पेबाज/ठग गैंग के 4 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 4 लाख रुपये के आभूषण, ₹2,90,000 नकद, अवैध तमंचा-कारतूस, तीन चारपहिया वाहन तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 20 नवंबर 2025 को कस्बा फूलपुर निवासी वादी राजकुमार साव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी आशा देवी को बीमारी और झाड़-फूंक का झांसा देकर अज्ञात लोगों ने सोने के जेवरात और नकद ठग लिया। इस संबंध में थाना फूलपुर पर मु.अ.सं. 554/2025 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसकी विवेचना के बाद धारा 317(2) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट भी बढ़ाई गई।
इसी तरह की एक अन्य टप्पेबाजी की घटना 28 दिसंबर 2024 को कोतवाली क्षेत्र में दर्ज हुई थी, जिसकी जांच भी जारी थी। शनिवार 06 दिसंबर 2025 की सुबह पुलिस और स्वाट टीम ने मुखबिर की सूचना पर बिलारमऊ–चिरैया मोड़ मार्ग पर घेराबंदी करके चारों अभियुक्तों को 04:05 बजे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने फूलपुर, आजमगढ़ शहर, बलिया, मऊ व अन्य जिलों में कई ठगी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। गैंग महिलाओं को झांसा देकर गहने उतरवाने की वारदात करता था, जिसमें आरोपी रुकसाना ठगी में मुख्य भूमिका निभाती थी और भरोसा जीतने के लिए मौके पर पहुंचकर बीमारी या समस्या का समाधान बताने का नाटक करती थी। गिरफ्तार आरोपितों ने यह भी स्वीकार किया कि फूलपुर में एक वृद्ध महिला के साथ ठगी से मिले कुछ आभूषणों को लखनऊ व कानपुर में ₹7,32,000 में बेचकर आपस में बांट लिया था। इनके खिलाफ कई जनपदों में पूर्व में भी मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. असगर अली पुत्र सुभानी, निवासी कुंदनगंज, थाना बछरावा, जनपद रायबरेली
2. मोहम्मद कलीम पुत्र मोहम्मद सलीम, निवासी पटेल नगर कॉलोनी, थाना बछरावा, रायबरेली
3. मोहम्मद सलीम उर्फ बब्लू पुत्र मोहम्मद शरीफ, निवासी पटेल नगर कॉलोनी, थाना बछरावा, रायबरेली
4. रुकसाना पत्नी मोहम्मद सलीम उर्फ बब्लू, निवासी पटेल नगर कॉलोनी, थाना बछरावा, रायबरेली

बरामद सामान- 03 चारपहिया वाहन, सोने के आभूषण (मंगलसूत्र, हार, लाकेट, नथ, बाली, अंगूठियां आदि) लगभग ₹4,00,000 मूल्य, ₹2,90,000 नकद, 04 मोबाइल फोन,01 अवैध तमंचा 315 बोर व 01 जिंदा कारतूस
गिरफ्तारी करने वाली टीम- थानाध्यक्ष सच्चिदानन्द, व0उ0नि0 गंगाराम विन्द, उ0नि0 दिनेश त्रिपाठी, उ0नि0 अजीज खाँ, उ0नि0 रज्जन द्विवेदी, हेड कांस्टेबल राजीव यादव सहित स्वाट, थाना फूलपुर व सर्विलांस यूनिट की संयुक्त टीम के 21 पुलिस कर्मी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि इस गैंग को पकड़ने से जिले में लगातार हो रही ठगी की घटनाओं पर रोक लगेगी।




