मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी…
आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के नागा बाबा पोखरा के पास स्थित देसी शराब के ठेके से लगभग 100 फुट की दूरी पर मंगलवार सुबह एक व्यक्ति की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान फूलपुर कस्बा मंगल बाजार केवटाना मोहल्ला निवासी छोटेलाल उर्फ छोटू मोदनवाल (38 वर्ष) पुत्र कन्हैया मोदनवाल के रूप में हुई। सुबह करीब 7 बजे खुले में शौच के लिए गई महिलाओं ने झाड़ियों के बीच एक लाश पड़ी देखी तो शोर मचा दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान छोटू मोदनवाल के रूप में की। परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद यादव, और क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि छोटू मोदनवाल गुजरात में रहकर मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही अपने घर फूलपुर आया था। आठ वर्ष पूर्व उसका विवाह टूट चुका था और उसकी कोई संतान नहीं थी। वह अपने चार भाइयों और उनके परिवार के साथ रहता था।

परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात करीब 8 बजे छोटू ने एक भंडारी से खाना खाया और अपने भाई को बरौली गांव छोड़ने गया था। इसके बाद वह शराब के ठेके पर शराब पीने पहुंचा, लेकिन रात में घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह उसकी लाश शराब ठेके के पास घास झाड़ी में बरामद हुई।
परिवार जनो ने किसी से दुश्मनी न होने की बात कही है, लेकिन उनका आरोप है कि छोटू की हत्या की गई है। वहीं, स्थानीय लोगों ने शराब ठेके को घटना व विवादों की जड़ बताते हुए कहा कि यहां रोजाना शराब पीकर लोग झगड़ा करते है.

फूलपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।




