नाबालिक लड़की के भागने का आरोपी था लड़का……
रिपोर्ट… अरुण कुमार गुप्ता
प्रयागराज। जिले के सराय ममरेज थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक ITI छात्र और उसकी नाबालिग प्रेमिका ने जहर खा लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, जबकि लड़की को डॉक्टरों ने बचा लिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतक की पहचान शिवम मौर्य (22 वर्ष) निवासी मवैया हिंदवानी गांव, थाना सराय ममरेज, के रूप में हुई है। शिवम के पिता मुंबई में नौकरी करते हैं। वहीं नाबालिग लड़की (17 वर्ष) फूलपुर के कासिया गांव की रहने वाली बताई जा रही है, जिसका ननिहाल शिवम के गांव के पास पूरे लुटई गांव में है।
30 सितंबर को घर छोड़कर भागे थे दोनों
जानकारी के अनुसार, दोनों 30 सितंबर को घर से भाग गए थे। परिजनों की तहरीर पर 2 अक्टूबर को शिवम के खिलाफ नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज किया गया था।

3 अक्टूबर को पेट्रोल पंप के पास तड़पते मिले
3 अक्टूबर को प्रयागराज के एक पेट्रोल पंप के पास दोनों अचेत अवस्था में मिले। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। लड़की की हालत गंभीर बनी रही, हालांकि अब वह खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मां ने लगाया हत्या का आरोप

शिवम की मां सुलेखा देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “मेरे बेटे ने सुसाइड नहीं किया, उसे जबरन जहर खिलाया गया है। पुलिस हमें ही डरा-धमका रही है और जांच की जगह हमारे परिवार को प्रताड़ित कर रही है।”
मंदिर में शादी करने गए थे प्रेमी युगल
परिजनों के अनुसार, दोनों शादी करने के लिए घर से भागकर एक मंदिर पहुंचे थे, लेकिन पुलिस की भनक लगने से दोनों वहां से भाग निकले। इसके बाद दोनों ने साथ मरने का फैसला लिया और कथित रूप से जहर खा लिया।
लड़की ने कहा – “मैं जीना नहीं चाहती”
इलाज के दौरान होश आने पर लड़की ने डॉक्टरों से कहा, “मैं जीना नहीं चाहती हूं।” फिलहाल पुलिस ने अस्पताल में मीडिया की एंट्री पर रोक लगा रखी है।
पुलिस का बयान
थानाध्यक्ष सराय ममरेज सुनील कुमार मिश्रा ने कहा, “मामले की जांच की जा रही है। युवक की मां द्वारा लगाए गए आरोपों की हमें कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस पर डराने-धमकाने के आरोप निराधार हैं।”पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने युवक के शव को परिजनों को सौंप दिया है। घटना की जांच में पुलिस जुटी हुई है, जबकि परिजन अब भी हत्या की आशंका जता रहे हैं।




