संयुक्त चौपाल आयोजित में महिलाओं के लिए उपलब्ध टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई……
आजमगढ़। थाना मेहनाजपुर क्षेत्र के ग्राम जियापुर में मिशन शक्ति अभियान एवं साइबर क्राइम जागरूकता के तहत संयुक्त चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के आदेश तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक त्रिपाठी के निर्देशन में थानाध्यक्ष मनीष पाल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। आयोजन को महिला प्रकोष्ठ प्रभारी वरुणेश कुमार मिश्रा ने सफलतापूर्वक संचालित किया।

चौपाल के दौरान महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं, लाभकारी कार्यक्रमों और महिलाओं के लिए उपलब्ध टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई। महिला प्रकोष्ठ प्रभारी ने उपस्थित महिलाओं, बालिकाओं और उनके अभिभावकों को महिला अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक वकील सिंह, उपनिरीक्षक दीपक राय, उपनिरीक्षक ओम प्रकाश कन्नौजिया, मुख्य आरक्षी दिनेश कुमार, महिला मुख्य आरक्षी जानकी सिंह, महिला आरक्षी सोमवती, पूनम मौर्या एवं आरक्षी सर्वेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस टीम द्वारा महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए पंपलेट भी वितरित किए गए।
साइबर क्राइम जागरूकता सत्र में उपनिरीक्षक दीपक राय ने साइबर अपराध के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने ग्रामीणों को अज्ञात कॉल और मैसेज से सतर्क रहने, किसी को भी ओटीपी साझा न करने, फर्जी लिंक पर क्लिक न करने, सोशल मीडिया अकाउंट सुरक्षित रखने, डिजिटल भुगतान में सावधानी बरतने, फर्जी नौकरी और लोन ऑफर से बचने तथा अनजान ऐप इंस्टॉल न करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते धनराशि बचाई जा सके।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामवासियों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के प्रति सचेत करें। चौपाल में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही और कार्यक्रम को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
मिशन शक्ति का संदेश रहा — सुरक्षित महिला, सशक्त समाज, साइबर सुरक्षा पर जोर — जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव







