जिलाधिकारी ने चालकों और परिचालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग किया….
आजमगढ़, 26 फरवरी। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने 257 स्कूली वाहन चालकों एवं परिचालकों को निःशुल्क चश्मा वितरित किया। परीक्षण में योग्य पाए गए चालकों को यह चश्मे प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने चालकों और परिचालकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए और सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बरतनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि चालक-परिचालक समय-समय पर अपनी आंखों और स्वास्थ्य की जांच अवश्य कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।

उन्होंने बताया कि जनपद में जो चालक-परिचालक इस शिविर में छूट गए हैं, उनके लिए आगे भी कैम्प लगाकर परीक्षण कराया जाएगा और पात्र पाए जाने पर उन्हें निःशुल्क चश्मा वितरित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यदि किसी को आंखों की सर्जरी की आवश्यकता होगी तो शासन के निर्देशानुसार उसकी भी समुचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की मंशा है कि दृष्टिदोष के कारण कोई सड़क दुर्घटना न हो।
जिलाधिकारी ने सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) को भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित कर नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव तथा सर्वोदय पब्लिक स्कूल, सेंट्रल पब्लिक स्कूल और जी.डी. ग्लोबल स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के चालक एवं परिचालक उपस्थित रहे।







