अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने क्षेत्र में अवैध शराब व मादक पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को कहा….
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गुरुवार 05 फरवरी 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह ने थाना निजामाबाद का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित थाना के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण की शुरुआत में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने गार्द की सलामी ली और गार्द का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर में स्थित साइबर हेल्प डेस्क, महिला मिशन शक्ति कक्ष, भोजनालय, थाना कार्यालय, विवेचना कक्ष, बैरक, जनसुनवाई कक्ष सहित CCTNS प्रणाली, CCTV व्यवस्था, अभिलेख एवं विभिन्न रजिस्टरों का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां पाए जाने पर- अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने संबंधित कर्मचारियों को कमियों को शीघ्र दूर करने और थाना की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों के अवलोकन के दौरान कई प्रविष्टियां अद्यावधिक नहीं पाई गईं, जिस पर उन्होंने इन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने हिस्ट्रीशीटरों की लगातार निगरानी और प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मेस व्यवस्था पर भी ध्यान दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने भोजन बनाने वाले अनुचर को स्वच्छता बनाए रखने तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार प्रतिदिन समय से भोजन तैयार करने के निर्देश दिए।इसके अलावा थाना परिसर में खड़े वाहनों के संबंध में भी उन्होंने कहा कि नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही क्षेत्र में अवैध शराब व मादक पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध, तथा अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के अंत में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने थाना क्षेत्र के चौकीदारों के साथ गोष्ठी कर उनसे आपराधिक सूचनाओं का समय से आदान-प्रदान करने की अपेक्षा की। इस दौरान चौकीदारों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।




