35 वर्षीय अनिल सोनकर सऊदी अरब में रहकर काम करते थे, करीब एक वर्ष पूर्व वह स्वदेश लौटे थे…..
प्रयागराज। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली फूलपुर अंतर्गत परासिनपुर गांव निवासी 35 वर्षीय अनिल सोनकर पुत्र आसाराम सऊदी अरब में रहकर काम करते थे। करीब एक वर्ष पूर्व वह स्वदेश लौटे थे और शीघ्र ही पुनः सऊदी अरब जाने की तैयारी में थे। रविवार दोपहर लगभग ढाई बजे अनिल सोनकर अपने मित्रों मुन्ना सोनकर और रवि सोनकर के साथ बाइक से किसी कार्यवश चांदोपारा गांव गए थे।
काम निपटाने के बाद तीनों बाइक से चांदोपारा–गुलचपा मार्ग से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में अनिल सोनकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुन्ना सोनकर और रवि सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायलों की मदद की और घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी गुंजा सोनकर तथा उनकी पुत्रियां गिरिजा, मधु, ललिया और रुचि का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।




