थाना अहरौला क्षेत्र के एमएस ए एस ईंट भट्ठा उद्योग, चौफाला शम्साबाद में की गई कार्रवाई……
आजमगढ़। जनपद में बन्धुआ श्रम एवं बाल श्रम के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 बन्धुआ श्रमिकों को मुक्त कराया है। यह कार्रवाई थाना अहरौला क्षेत्र स्थित एमएस ए*एस ईंट भट्ठा उद्योग, चौफाला शम्साबाद में की गई। निदेशक, मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशन में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के नेतृत्व और अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। प्राप्त सूचना के आधार पर थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बन्धुआ श्रम में कार्यरत श्रमिकों को मौके से मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान भट्ठा मालिक से श्रमिकों को उनकी उचित मजदूरी एवं किराया दिलवाया गया। मुक्त कराए गए सभी श्रमिकों को सुरक्षित साधनों से उनके गृह जनपद विलासपुर, छत्तीसगढ़ भेजने की व्यवस्था भी की गई। मामले में संबंधित भट्ठा मालिक के विरुद्ध श्रम विभाग द्वारा नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई है।
इसके साथ ही संयुक्त टीम द्वारा आसपास के बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट-ढाबों, बेकरी, ऑटोमोबाइल दुकानों, गैराज आदि स्थानों पर बाल श्रम और बन्धुआ श्रम न कराने संबंधी पोस्टर लगाए गए तथा आमजन को टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 108, 112, 1090, 1930, 1098, 1076 और 181 की जानकारी दी गई।
अभियान में थाना एएचटी के प्रभारी निरीक्षक अभयराज मिश्र, उप निरीक्षक प्रदीप कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी रोहित प्रताप सिंह व मोहम्मद नजरे आलम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। जनपद पुलिस एवं श्रम विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




