मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में आजमगढ़ को प्रदेश में दूसरा स्थान, जिलाधिकारी सम्मानित!

SHARE:

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से मिल रहा युवा, बेरोजगार, व्यापार व व्यापारियों को नई दिशा……

लखनऊ/आजमगढ़। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जनपद आजमगढ़ ने पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। यूपी दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ के जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना संचालित की जा रही है। यह योजना प्रदेश के युवाओं की पहली पसंद बनती जा रही है। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025–26 में प्रदेश सरकार ने 1 लाख 50 हजार लोन वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जबकि अब तक प्रदेश भर से लगभग 3.34 लाख आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से 2.81 लाख से अधिक आवेदन बैंकों को भेजे जा चुके हैं, 1.06 लाख से अधिक को स्वीकृति मिल चुकी है तथा 1.03 लाख से अधिक युवाओं को स्वरोजगार के लिए लोन वितरित किया जा चुका है।

जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जनपद में अधिक से अधिक युवाओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया गया। अप्रैल 2025 से पूर्व जहां आजमगढ़ योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश में 25वें स्थान पर था, वहीं ब्लॉक स्तर पर नियमित वर्कशॉप, वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बैंकर्स और आवेदकों की आमने-सामने काउंसलिंग तथा त्वरित फॉलोअप के चलते जनपद ने उल्लेखनीय प्रगति की। उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में आजमगढ़ को 2,500 लाभार्थियों का लक्ष्य दिया गया था, जिसके सापेक्ष 7,315 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 6,253 आवेदन बैंकों को भेजे गए तथा 3,219 युवाओं को अब तक लोन वितरित किया जा चुका है। यह उपलब्धि 128.76 प्रतिशत के उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाती है। 22 जनवरी तक के आंकड़ों के अनुसार, योजना का लाभ देने में आजमगढ़ प्रदेश में लगातार दूसरे स्थान पर बना हुआ है।

प्रदेश सरकार का यह प्रयास न केवल युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रहा है, बल्कि उन्हें सशक्त उद्यमी बनाकर प्रदेश की वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य की ओर भी मजबूत कदम साबित हो रहा है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment