सड़क किनारे स्थित दुकानों को भी लाखों रुपये का नुकसान…..
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र में बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। 100 शैय्या अस्पताल के समीप रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सड़क किनारे स्थित दुकानों को भी लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो फैजाबाद से आजमगढ़ की ओर जा रही थी। 100 शैय्या अस्पताल के पास चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया और उसी दिशा में गलत साइड से चलने लगा। इसी दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार इसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे ब्लॉक के पास गड्ढे में जा गिरी और सड़क किनारे बनी दुकानों से टकरा गई।

हादसे में बाइक सवार योगेंद्र यादव (निवासी बसई, जहांगीरगंज) और चंद्रप्रकाश (निवासी खालिसपुर, अतरौलिया) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और 112 पुलिस की मदद से दोनों को तत्काल 100 शैय्या अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस मामले की विधिक जांच में जुटी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि चालक गलत दिशा में वाहन न चलाता, तो यह हादसा टल सकता था।
इस हादसे में दुकानदारों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है। पीड़ित मनोज कुमार (निवासी लोहरा) ने बताया कि रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकान क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने बताया कि दो प्रिंटर, सीपीयू, बैटरी, इन्वर्टर, चार कुर्सियां, दो बेंच, एक लैपटॉप और काउंटर पूरी तरह टूट गए हैं, जिससे करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं पत्थर और नेमप्लेट व्यवसायी अफीम अहमद (निवासी निजामाबाद) ने बताया कि स्कॉर्पियो ने उनकी दुकान को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी दुकान में उद्घाटन, लोकार्पण और मंदिर-मस्जिद के पत्थरों का कार्य होता था, जो पूरी तरह नष्ट हो गया है। इससे उन्हें करीब सवा लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।
पीड़ितों का कहना है कि पुलिस ने रात में ही चालक को हिरासत में ले लिया था और सुबह थाने बुलाकर नुकसान का विवरण देने को कहा गया है, ताकि आगे की विधिक कार्रवाई की जा सके।




