पीड़ित के अनुसार, चोर घर से नकदी और चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए….
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के तेजापुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो घरों में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस गश्त को चुनौती दी है। चोरों ने एक लोको पायलट के घर से नकदी व जेवरात समेत लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ किया, जबकि बगल के एक अन्य बंद घर का ताला तोड़कर भी चोरी की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी लालजी पुत्र मोहन के घर चोर पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे। लालजी ने बताया कि घर से करीब 32 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठियां और चांदी के जेवरात चोरी हो गए। उनका बेटा भारतीय रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत है। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के निचले हिस्से में सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने ऊपरी मंजिल को निशाना बनाया।

इसी क्रम में चोरों ने लालजी के बगल में स्थित अंजनी श्रीवास्तव के घर का ताला भी तोड़ दिया। अंजनी श्रीवास्तव बाहर रहकर नौकरी करते हैं। उन्हें सुबह सूचना मिली कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। पीड़ित के अनुसार, चोर घर से नकदी और चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए। गांव में लंबे समय बाद हुई इस तरह की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ उपनिरीक्षक पवन कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
पुलिस ने दोनों घरों का गहन निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने फिंगरप्रिंट समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।




