महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी……
आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भोरमऊ में शुक्रवार को मिशन शक्ति अभियान एवं साइबर क्राइम जागरूकता को लेकर एक संयुक्त ग्राम चौपाल का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के आदेशानुसार तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक त्रिपाठी के कुशल निर्देशन में, उप निरीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में थाना फूलपुर एवं महिला प्रकोष्ठ की संयुक्त टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
चौपाल के दौरान महिला सशक्तिकरण, सम्मान एवं सुरक्षा से जुड़ी सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं, कल्याणकारी कार्यक्रमों और महिलाओं के लिए उपलब्ध टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की विस्तार से जानकारी दी गई। महिला प्रकोष्ठ प्रभारी वरुणेश कुमार मिश्रा ने उपस्थित महिलाओं व ग्रामवासियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया। वहीं उप निरीक्षक वकील सिंह एवं आरक्षी सर्वेश कुमार द्वारा महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों को सरल भाषा में समझाया गया तथा जागरूकता पंपलेट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में साइबर क्राइम जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें आरक्षी राहुल सिंह ने साइबर अपराध के नए-नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों पर प्रभावी ढंग से प्रकाश डाला। इस दौरान उन्होंने आमजन को निम्नलिखित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी—

अज्ञात कॉल या मैसेज से सावधान रहें, बैंक या सरकारी अधिकारी बनकर OTP/लिंक मांगने वालों से तुरंत दूरी बनाएं।
👉OTP किसी को न बताएं, यह आपकी डिजिटल सुरक्षा की चाबी है।
👉लॉटरी, KYC अपडेट, बिजली बिल, GST रिफंड जैसे फर्जी लिंक पर क्लिक न करें।
👉महिलाओं एवं बच्चियों की ऑनलाइन सुरक्षा के लिए सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करें।
👉सोशल मीडिया अकाउंट को मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) से सुरक्षित रखें।
👉डिजिटल भुगतान के दौरान “Receive Money” के नाम पर पैसे भेजने वाले विकल्प से सावधान रहें।
👉फर्जी नौकरी, आसान लोन या घर बैठे कमाई जैसे ऑफर से बचें।
👉मोबाइल में अनजान ऐप या APK फाइल इंस्टॉल न करें, इससे पूरा मोबाइल कंट्रोल में जा सकता है।
👉साइबर ठगी होने पर तुरंत शिकायत करें, जिससे धनराशि बचने की संभावना बढ़ जाती है।
👉राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामवासियों से अपील की गई कि वे स्वयं सतर्क रहें, डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। संयुक्त चौपाल में ग्रामवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली और आयोजन को अत्यंत सकारात्मक एवं सराहनीय प्रतिक्रिया प्राप्त हुई।




