सुभासपा का प्रशिक्षण कार्यक्रम, जुटे हजारों युवा को मिला “बिना लाइसेंस हथियार” और वर्दी

SHARE:

सुभासपा के एकदिवसीय कार्यक्रम में 20 जिलों से जुटे हजारों युवा……

आजमगढ़। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के हालिया बयान को लेकर प्रदेशभर में चल रही चर्चाओं के बीच रविवार को आजमगढ़ के अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत खजूरी स्थित मैदान में पार्टी का एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्वांचल के लगभग 20 जिलों से बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने महाराजा सुहेलदेव के चित्र पर माल्यार्पण, धूप-दीप व आरती कर किया। इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि पूर्वांचल के करीब 20 जिलों से प्रत्येक जिले के 50 युवाओं को इस प्रथम चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना के अंतर्गत जिला, विधानसभा व ब्लॉक कमांडर तथा सैनिकों को वर्दी प्रदान की गई है।

मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना के सामान्य सैनिकों को पीली टी-शर्ट, पीला लोअर और पीला डंडा दिया गया है, जबकि जिला, विधानसभा और ब्लॉक कमांडरों को नीले रंग की वर्दी, टोपी, सिटी और छड़ी प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो कहा था, वह कर दिखाया है, लेकिन विपक्ष इसे पचा नहीं पा रहा और बढ़ती राजनीतिक ताकत को अफवाह बताने का प्रयास कर रहा है।ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया कि कार्यक्रम में उम्मीद से कहीं अधिक युवा पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि हमने 5 हजार युवाओं के आने का अनुमान लगाया था, लेकिन संख्या इससे कहीं ज्यादा रही। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डंडा आत्मरक्षा और महिलाओं की सुरक्षा के उद्देश्य से दिया गया है।

कार्यक्रम का संचालन सुभासपा के मुख्य राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अरविंद राजभर के नेतृत्व में किया गया। डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि युवाओं के भविष्य को संवारने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना का गठन किया गया है, जहां उन्हें अनुशासन, शारीरिक प्रशिक्षण और विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए तैयार किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए सेना के विभिन्न पदों से सेवानिवृत्त सूबेदार, मेजर सहित सात वरिष्ठ अधिकारियों की टीम द्वारा युवाओं को प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया गया। एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आजमगढ़, जौनपुर, बलिया, मऊ, गोरखपुर, महराजगंज सहित पूर्वांचल के कई जिलों से आए युवाओं को शारीरिक व्यायाम, अनुशासन और सेवा नियमों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार गुप्ता, विधायक बेदीराम, प्रदेश मीडिया प्रभारी दीपक सिंह, कुलदीप राजभर, हरिबदन प्रजापति, भागीदारी पार्टी के अशोक प्रजापति, रमाशंकर राजभर सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment