मौनी अमावस्या पर संगम तट पर बवाल, शंकराचार्य ने स्नान से किया इनकार!

SHARE:

अनुयायियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प…

रिपोर्ट…. अरुण गुप्ता

प्रयागराज। मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर संगम तट पर उस समय हंगामा हो गया, जब ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके समर्थकों को स्नान के लिए जाने से रोक दिया गया। इसे लेकर शंकराचार्य के अनुयायियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई, जिसके बाद शंकराचार्य ने संगम स्नान से इनकार कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पालकी के माध्यम से अखाड़े से संगम नोज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। आरोप है कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उनके शिष्यों को रोका गया, जिस पर विवाद बढ़ गया। हालात बिगड़ते देख शंकराचार्य ने अपनी पालकी को बीच रास्ते से ही वापस अखाड़े की ओर मोड़ दिया।

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने आरोप लगाया कि उन्हें साजिश के तहत स्नान से रोका गया है। उन्होंने कहा कि उनके शिष्यों के साथ मारपीट की गई और अधिकारियों की ओर से धमकाने के संकेत मिले, जिसके चलते उन्होंने स्नान न करने का निर्णय लिया। वहीं, मौनी अमावस्या के मौके पर संगम नगरी प्रयागराज में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा हुआ है।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए संगम क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी कंट्रोल रूम से लेकर संगम नोज तक लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। फिलहाल, प्रशासन की ओर से पूरे मामले पर स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है, जबकि घटना को लेकर संत समाज और श्रद्धालुओं के बीच चर्चाओं का दौर जारी है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment