फूलपुर- क्रांति दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, सात राज्यों के 462 धावकों ने लिया भाग!

SHARE:

फूलपुर में 30वीं क्रांति दौड़ प्रतियोगिता के आयोजन में मुजफ्फरनगर के अक्षय कुमार को प्रथम स्थान…..

फूलपुर, आजमगढ़। हिन्दू–मुस्लिम एकता और भाईचारे का प्रतीक मानी जाने वाली क्रांति दौड़ प्रतियोगिता का 30वां वार्षिक आयोजन बुधवार को मकर संक्रांति के पावन अवसर पर फूलपुर में हर्षोल्लास और भव्य तैयारियों के साथ संपन्न हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सात राज्यों के 37 जिलों से आए कुल 462 धावकों ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र खेल भावना और उत्साह से सराबोर नजर आया।

प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी अक्षय कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं हरियाणा के प्रिंस राय द्वितीय, राजस्थान के हेमराज तृतीय, प्रतापगढ़ के संदीप पाल चतुर्थ और प्रयागराज के रोहित कुमार पांचवें स्थान पर रहे। विजेता धावकों ने लगभग 3 किलोमीटर की दौड़ मात्र 7 मिनट में पूरी कर अपनी उत्कृष्ट क्षमता का परिचय दिया।

राष्ट्रगान और भारत माता की जय के साथ हुआ फाइनल राउंड का शुभारंभ- क्रांति दौड़ का शुभारंभ बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे किया गया। अंतिम राउंड से पूर्व अतिथियों, धावकों और उपस्थित जनसमूह ने एक साथ राष्ट्रगान गाया। इसके बाद आसमान में गुब्बारे छोड़ते हुए और “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ फाइनल दौड़ शुरू हुई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर आगे-आगे स्थानीय कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे, जबकि पीछे स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई दो एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम मौजूद रही।

दो दिन पहले से ही फूलपुर पहुंचने लगे थे धावक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कई धावक दो दिन पूर्व ही फूलपुर पहुंच गए थे। आयोजन की सुबह तक लगभग 500 से अधिक धावकों का आगमन हो चुका था, जिनमें से 462 धावकों ने पंजीकरण कर दौड़ में हिस्सा लिया।

विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार- पुरस्कार वितरण समारोह में प्रथम विजेता को मोटरसाइकिल प्रदान की गई। इसके अलावा शीर्ष 30 विजेता प्रतिभागियों को प्रथम स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सहित टीवी, फ्रिज, साइकिल, कूलर, चक्की सहित अन्य आकर्षक पुरस्कार दिए गए। वहीं 61वें से 90वें स्थान तक आने वाले धावकों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में विभिन्न उपहार प्रदान किए गए।

30 वर्षों से निरंतर हो रहा आयोजन- गत 30 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही इस क्रांति दौड़ प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्थानीय जनता के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव, चेयरमैन रामाशीष बरनवाल और सुरेन्द्र यादव ने कहा कि इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता की नींव शिव प्रसाद अग्रहरि (अटल चाचा) ने रखी थी। उनकी प्रेरणा और फूलपुर की जनता के सहयोग से यह प्रतियोगिता आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुकी है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे उपस्थित- इस अवसर पर प्रतियोगिता के अध्यक्ष सुरेश मौर्या के साथ अभिषेक जायसवाल, बाबा राजेश्वर, अखिलेश सोनकर, शैलेश प्रजापति, अनिल कुमार, ऋतेश, राजू प्रजापति, वृजेश यादव, अभय सिंह ‘लालू’, सोनम चौहान, डॉ. मो. अजीम, राजेश मोदनवाल ‘चुट्टूर’, सुरेश सोनकर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।क्रांति दौड़ प्रतियोगिता ने एक बार फिर खेल, एकता और भाईचारे का संदेश देते हुए फूलपुर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment