जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, मतदाता सूची की प्रक्रिया का लिया जायजा!

SHARE:

जिलाधिकारी ने कहा- “नाम जोड़ने अथवा हटाने से संबंधित कोई आपत्ति हो, तो उसे तत्काल दर्ज कर समयबद्ध ढंग से निस्तारित किया जाए”

आजमगढ़। जिले में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार ने आज विधानसभा आजमगढ़ क्षेत्र के मतदेय स्थल वेस्ली इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ संख्या 184, 185, 186, 187, 188, 189, 190 एवं 191 पर चल रही मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के समय संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा बूथ लेवल एजेंट (BLA) की उपस्थिति में आलेख्य मतदाता सूची को जनसामान्य के समक्ष पढ़कर सुनाया गया। इस प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरणों की सार्वजनिक रूप से पुष्टि की गई, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि, दोहराव अथवा अपात्र नामों की पहचान की जा सके।

जिलाधिकारी ने BLO को निर्देशित किया कि पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए तथा पात्र मतदाताओं का नाम किसी भी स्थिति में सूची से न छूटे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी मतदाता को अपने विवरण में संशोधन, नाम जोड़ने अथवा हटाने से संबंधित कोई आपत्ति हो, तो उसे तत्काल दर्ज कर समयबद्ध ढंग से निस्तारित किया जाए। उन्होंने उपस्थित BLA एवं आम नागरिकों से भी अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करें और मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ, त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का आधार है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित निर्वाचन कर्मी एवं अधिकारी भी उपस्थित रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment