फूलपुर में सर्राफा व्यापारी के पुत्र पर हुए हमले पुलिस की कार्रवाई एक घायल दो गिरफ्तार……
फूलपुर (प्रयागराज)। फूलपुर कस्बे में सर्राफा व्यापारी के पुत्र पर हुए हमले से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद रविवार को भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद, फूलपुर विधायक दीपक पटेल तथा प्रयागराज सर्राफा मंडल के अध्यक्ष संजय वर्मा पीड़ित शनि सोनी के आवास पहुंचे। जनप्रतिनिधियों और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान फूलपुर विधायक दीपक पटेल ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार आम जनता और व्यापारी वर्ग की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारी निडर होकर अपना व्यवसाय करें, सरकार उनके साथ खड़ी है और इस घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जा रही है।
प्रयागराज सर्राफा मंडल के अध्यक्ष संजय वर्मा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई कर फूलपुर जैसे कस्बों में कानून व्यवस्था की मजबूत नजीर पेश की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने और शस्त्र लाइसेंस जारी किए जाने की भी मांग रखी।
मुलाकात के दौरान नगर पंचायत फूलपुर के अध्यक्ष अमरनाथ यादव, प्रयागराज सर्राफा मंडल के महामंत्री विनय जी सोनी, क्षत्रिय सोनार समिति के अध्यक्ष राजनाथ वर्मा, सोमनाथ स्वर्णकार, जगदीश नारायण वर्मा, अमित सोनी, वीरेंद्र, सुभाष सोनी, व्यापार मंडल फूलपुर के अध्यक्ष हरिश्चंद्र सोनी, करन सोनी सहित बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में घटना की निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
रिपोर्ट – अरुण कुमार गुप्ता




