आजमगढ़ शहर में रेलवे स्टेशन, बड़ादेव मंदिर परिसर तथा पुरानी कोतवाली के आसपास के इलाकों का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया…..
आजमगढ़। जनपद में पड़ रही कड़ाके की ठंड के मद्देनज़र जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बुधवार की रात्रि शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आजमगढ़ रेलवे स्टेशन, बड़ादेव मंदिर परिसर तथा पुरानी कोतवाली के आसपास के इलाकों का निरीक्षण कर ठंड से प्रभावित गरीब, असहाय एवं निराश्रित लोगों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अलाव ताप रहे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही जरूरतमंदों को कंबल वितरित कराए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ठंड के इस मौसम में कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर न रहे। इसी क्रम में कई निराश्रित व्यक्तियों को सरकारी वाहन में बैठाकर रैन बसेरा भेजा गया, जहां उनके ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था कराई गई जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरों में साफ-सफाई, पर्याप्त कंबल, गर्म पानी तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नगर क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी निराश्रितों की पहचान कर उन्हें राहत पहुंचाई जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शीतलहर के दौरान शासन की मंशा के अनुरूप जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। जिलाधिकारी के इस रात्रिकालीन भ्रमण से आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और जरूरतमंदों को राहत मिली है।




