स्कूली वाहनों के फिटनेस की भी होगी सघन जांच….
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों की समीक्षा के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में ब्लैक स्पॉट का सर्वे पूरा कर लिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। सर्वे के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों पर कुल 48 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। एनएचएआई के प्रतिनिधि ने बताया कि इनमें से 14 ब्लैक स्पॉट पर रंबल स्ट्रिप, साइनेज लगाए जा चुके हैं तथा स्पीड ब्रेकर निर्माण की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही चिन्हित पुलियों पर साइनेज और पेंटिंग का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने आरटीओ, पुलिस और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम बनाकर कराए गए कार्यों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग वाराणसी मार्ग पर चिन्हित 15 अवैध कट को बंद कर दिया गया है तथा संबंधित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा संकेतक लगाए गए हैं।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ब्लैक स्पॉट की सूची सभी संबंधित अधिकारी आपस में साझा करें, जिसमें एंबुलेंस नंबर, क्रेन व कटर वाहन चालक का नाम व मोबाइल नंबर तथा एनएचएआई के परियोजना निदेशक का संपर्क विवरण भी शामिल हो। उन्होंने स्कूली वाहनों के फिटनेस की सघन जांच करने को कहा और अनफिट पाए जाने पर 15 दिन के भीतर फिटनेस प्रमाण पत्र प्रस्तुत न करने पर वाहन का पंजीकरण निरस्त करने के निर्देश दिए। वाहन चालानों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिन वाहनों का बार-बार चालान हो चुका है, उनके फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण पत्र और चालक लाइसेंस की जांच की जाए। साथ ही ऐसे टॉप-10 वाहनों को जब्त कर इसकी सूचना समाचार पत्रों में प्रकाशित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा माह के दौरान आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और वाहन चालकों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने एआरटीओ (प्रवर्तन) को अभियान चलाकर सरकारी व निजी बस चालकों की आंखों की जांच कराने तथा आवश्यकता अनुसार चश्मा वितरण कराने को कहा। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी को वन विभाग से समन्वय कर ग्रामीण सड़कों पर लटक रहे पेड़ों और झाड़ियों की छंटाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि अवैध कट बंद होने के बाद यदि कोई व्यक्ति दोबारा अवैध कट बनाता है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थानों को दी जाए। उन्होंने एनएचएआई, एआरटीओ और ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया कि जहां वर्तमान में कट की आवश्यकता है, ऐसे स्थलों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर पेट्रोलिंग वाहनों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम को सक्रिय कर सड़क सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक), एआरटीओ प्रवर्तन अतुल यादव, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, जिला विद्यालय निरीक्षक, एनएचएआई के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




