फौजी परिवार ने लगभग 1000 गरीबों को ऊनी वस्त्र, कपड़े और कंबल वितरित किए…..
आजमगढ़। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के लहरपार गांव के एक फौजी परिवार ने देश सेवा के बाद अब समाज सेवा को अपना लक्ष्य बनाया है। रिटायर्ड फौजी एवं ग्राम प्रधान वीरेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में फौजी परिवार के सदस्यों ने गरीबों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए अपनी पेंशन का एक हिस्सा दान करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि उनके परिवार का देश सेवा का गौरवशाली इतिहास रहा है। उनके पिता और चाचा ने चीन के खिलाफ युद्ध में भाग लिया था, जबकि स्वयं उन्होंने कारगिल युद्ध में देश की रक्षा करते हुए संघर्ष किया, जिसमें वे घायल भी हुए। उन्होंने कहा कि लोगों की दुआओं से वे आज स्वस्थ हैं और इसी अनुभव ने उन्हें समाज के कमजोर वर्गों की सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि परिवार के सभी सदस्य मिलकर योजनाबद्ध तरीके से गरीबों की सहायता करेंगे। इसके तहत बर्तन वितरण, कंबल वितरण, वस्त्र वितरण, ऊनी कपड़े, गरीब बच्चियों की शादी में सहयोग तथा स्वास्थ्य सेवाओं में मदद जैसे कई सामाजिक कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एक फौजी होने के नाते उन्होंने सीखा है कि विषम परिस्थितियों में भी धैर्य और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर सूबेदार मेजर हरेंद्र सिंह ने कहा कि गरीबों की मदद करना उनके लिए गर्व की बात है। ईश्वर ने जो भी दिया है, उसमें से जरूरतमंदों की सहायता करना उनका कर्तव्य है। वहीं सूबेदार कामता प्रसाद सिंह ने उपस्थित लोगों को संकल्प दिलाया कि समाज के कमजोर वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए सभी को सहयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 1000 गरीबों को ऊनी वस्त्र, कपड़े और कंबल वितरित किए गए। इस मौके पर हवलदार संजय सिंह, कप्तान हरिहर सिंह, प्रमोद सिंह, अनिल सिंह, ओमप्रकाश, रुदल राजभर, पंचम राजभर, शिवव्रत राजभर, सुखबीर सिंह, नर्सिंग सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




