शारीरिक दक्षता, दंड-बैठक, व्यायाम, आत्मरक्षा एवं अनुशासन से जुड़े विविध अभ्यास…..
फूलपुर (आजमगढ़)। डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल दयानंद बाल विद्या मंदिर, फूलपुर में आर्य वीर दल द्वारा आयोजित साप्ताहिक प्रशिक्षण एवं शौर्य प्रदर्शन कार्यक्रम बुधवार को पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में आर्य वीर दल के स्वयंसेवकों ने शारीरिक दक्षता, दंड-बैठक, व्यायाम, आत्मरक्षा एवं अनुशासन से जुड़े विविध अभ्यासों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आचार्य ज्ञान प्रकाश वैदिक, महामंत्री आर्य वीर दल (पूर्वी उत्तर प्रदेश) रहे। अपने ओजस्वी संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्र और समाज को सशक्त बनाने के लिए ब्रह्म शक्ति के साथ क्षात्र शक्ति का संतुलन आवश्यक है। विद्या समाज को दिशा प्रदान करती है, वहीं शौर्य, पराक्रम और अनुशासन राष्ट्ररक्षा एवं आत्मरक्षा की नींव होते हैं।
उन्होंने कहा कि वैदिक परंपरा ज्ञान और शौर्य—दोनों के समन्वय पर आधारित है और आर्य वीर दल इसी उद्देश्य से युवाओं को शारीरिक, मानसिक एवं चारित्रिक रूप से सुदृढ़ बनाने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं प्रशिक्षण दिनेश आर्य, प्रधान व्यायाम शिक्षक, आर्य वीर दल (उत्तर प्रदेश एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश) के निर्देशन में संपन्न हुआ। उनके नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने संगठन, अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट परिचय दिया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रशासन एवं आर्य वीर दल के पदाधिकारियों ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रमों के नियमित आयोजन का संकल्प




